logo


News

परशुराम स्वाभिमान सेना के 9वें स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर, कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान!

रुड़की:- परशुराम स्वाभिमान सेना के 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष दीपक पांडे के नेतृत्व में राजकीय संयुक्त चिकित्सालय (सिविल हॉस्पिटल), रुड़की में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। संगठन के स्थापना दिवस को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व चेयरमैन नगर पालिका परिषद रुड़की दिनेश कौशिक तथा विशिष्ट अतिथि विनीत शर्मा रहे। अतिथियों ने शिविर का शुभारंभ करते हुए आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे पुनीत कार्य है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसके जीवन को बचाने में मदद की जा सकती है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक पांडे ने कहा कि परशुराम स्वाभिमान सेना अपने स्थापना दिवस को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर मनाने का प्रयास कर रही है। रक्तदान ऐसा कार्य है, जिसका लाभ किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सेवा है। संगठन आगे भी जनहित और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। शिविर के दौरान रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ ही समाजसेवियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की और रक्तदान कर दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित किया। आयोजकों ने रक्तदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी से समाज में रक्तदान को लेकर सकारात्मक संदेश जाता है। कार्यक्रम में रजत गौतम, सागर गौतम, नितीन त्यागी, जुनैद मलिक, आयुष बिरला, ओम त्यागी, सुजल कौशिक, शिवा स्नेही, मानव त्यागी, रितिक पाल, सौरभ पाल, अभिषेक पाल, अर्चित शर्मा, नवल जोशी, देवाशीष, आयुष चौरसिया, आर्यन शर्मा एवं अभय कौशिक सहित अनेक कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर परशुराम स्वाभिमान सेना के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों, रक्तदाताओं, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि संगठन भविष्य में भी इसी तरह के जनसेवा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।


Roorkee Aapki Aawaj
Get In Touch

Editor in Chief - Deepak Sharma

Roorkee

+91-9058443569

news@roorkeeaapkiaawaj.in

Follow Us

© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies