logo


News

सिविल अस्पताल में लावारिस हालत में मिला मासूम,पुलिस ने खंगाले कैमरे,स्टाफ ने मरीजों से की पूछताछ,परिजनों का नहीं चला पता!

रुड़की:- सिविल अस्पताल रुड़की में आज दोपहर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया ज़ब अल्ट्रासाउंड केंद्र के पास करीब ढाई वर्षीय मासूम बच्चा अकेला रोता बिलखता मिला। बच्चे को लावारिस हालत में देखकर अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ ने आसपास मौजूद मरीजों से बच्चे के बारे में जानकारी हासिल की, लेकिन कोई भी उसके माता-पिता या परिजनों के संबंध में जानकारी नहीं दे सका।

मामले की जानकारी अस्पताल स्टाफ ने तत्काल सीएमएस डॉ. एके मिश्रा को दी। सीएमएस के निर्देश पर मासूम को तत्काल इमरजेंसी सेवा में लाया गया। यहां मौजूद चिकित्सक ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया। फिलहाल मासूम को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और उसकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। जब काफी देर तक बच्चे के माता-पिता या किसी परिजन का पता नहीं चला तो अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की सूचना गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और स्टाफ के साथ मिलकर अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। अब पुलिस और अस्पताल प्रबंधन यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आखिर मासूम को अस्पताल कौन लेकर आया था और उसे अल्ट्रासाउंड केंद्र के पास अकेला छोड़कर कहां चला गया। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से उस व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसने बच्चे को यहां छोड़ा। मामले को लेकर अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। इतनी कम उम्र के बच्चे को अकेला छोड़कर जाने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मासूम को अस्पताल में छोड़ने के पीछे क्या वजह रही। उधर, सीएमएस डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन को भी सूचना दे दी गई है, ताकि मासूम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उसके परिजनों का पता लगाया जा सके।

Roorkee Aapki Aawaj
Get In Touch

Editor in Chief - Deepak Sharma

Roorkee

+91-9058443569

news@roorkeeaapkiaawaj.in

Follow Us

© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies