logo


News

मासूम को रुड़की सिविल अस्पताल में छोड़कर कौन हुआ फरार? सीसीटीवी से खुलासे की उम्मीद!

रुड़की:- रुड़की के सिविल अस्पताल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया,जब अल्ट्रासाउंड केंद्र के पास करीब ढाई वर्ष का एक मासूम बच्चा लावारिस हालत में मिला। बच्चा अस्पताल परिसर में अकेला मिला था, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को मामले की सूचना दी गई। बच्चे को उसके परिजनों तक पहुंचाने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर बच्चे को अस्पताल परिसर में कौन छोड़कर गया था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. मिश्रा ने बताया कि बच्चा लावारिस हालत में मिला था। चिकित्सकीय परीक्षण में प्रथम दृष्टया बच्चा स्वस्थ पाया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बच्चे को देर रात बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है, ताकि उसकी उचित देखभाल और आगे की कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

सीएमएस ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई थी। पुलिस अब अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी बच्चे के परिजनों और उसे अस्पताल में छोड़ने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

अस्पताल में मासूम के इस तरह लावारिस मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि बच्चे को अस्पताल में अकेला छोड़ने के पीछे क्या वजह रही और उसे वहां कौन लेकर आया था। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

बच्चे को बाल कल्याण समिति को सौंपे जाने के बाद अब उसके परिजनों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। मासूम को इस तरह अकेला छोड़ जाना बेहद गंभीर मामला माना जा रहा है और लोगों में भी घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।

Roorkee Aapki Aawaj
Get In Touch

Editor in Chief - Deepak Sharma

Roorkee

+91-9058443569

news@roorkeeaapkiaawaj.in

Follow Us

© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies