logo


News

रुड़की में स्पा सेंटरों पर एएचटीयू की चेकिंग,संचालकों में मचा हड़कंप,कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ सेंटरों पर पड़े ताले,संचालक मौके से फरार,अनियमितताओं पर चालानी कार्रवाई

रुड़की:- एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट जनपद हरिद्वार (एएचटीयू) की टीम ने गुरुवार को रुड़की क्षेत्र में स्थित विभिन्न स्पा सेंटरों में चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मचा रहा। बताया गया कि टीम के चेकिंग अभियान की जानकारी मिलते ही कुछ स्पा सेंटर संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों पर ताले लगा दिए और कार्रवाई से पहले ही मौके से फरार हो गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशानुसार तथा पुलिस उपाधीक्षक रुड़की के दिशा-निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम ने रुड़की क्षेत्र में विभिन्न स्पा सेंटरों पर पहुंचकर वहां मौजूद व्यवस्थाओं, कर्मचारियों तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ सेंटरों के संचालकों के पहले ही मौके से चले जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। चेकिंग अभियान शुरू होने से पहले ही सेंटरों पर ताले लगने और संचालकों के फरार होने से यह चर्चा तेज हो गई कि आखिर पुलिस की कार्रवाई की सूचना संबंधित लोगों तक कैसे पहुंची। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही कुछ संचालकों के मौके से हट जाने को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। चेकिंग के दौरान कुछ स्पा सेंटरों में अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालानी कार्रवाई की। इसके अलावा दो स्पा सेंटरों और एक होटल के संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रतिष्ठानों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एएचटीयू की इस कार्रवाई को मानव तस्करी एवं अनैतिक गतिविधियों पर निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस टीम ने स्पा सेंटर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला, अपर उप निरीक्षक नंदकिशोर, हेड कांस्टेबल राकेश, महिला कांस्टेबल शशि बाला, कांस्टेबल खीम सिंह तथा कांस्टेबल चालक दीपक शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में इस प्रकार की चेकिंग और सत्यापन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Roorkee Aapki Aawaj
Get In Touch

Editor in Chief - Deepak Sharma

Roorkee

+91-9058443569

news@roorkeeaapkiaawaj.in

Follow Us

© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies