रुड़की:- सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नशे की हालत में दो युवक मोनू जलवीर की झोपड़ी में जबरन घुस गए और जमकर हंगामा किया। आरोप है कि दोनों युवकों ने मोनू जलवीर पर अवैध उगाही का दबाव बनाया और विरोध करने पर उसकी बहन के साथ मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक काफी देर तक झोपड़ी के आसपास उत्पात मचाते रहे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घर में मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप है।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक युवक खुद को कथित पत्रकार बता रहा था, जबकि दूसरा नगर निगम कर्मचारी होने का दावा कर रहा था। पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है। पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मारपीट और हंगामे की पुष्टि हुई है। दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies