रुड़की:- नगर से होकर बहने वाली गंगनहर में समय-समय पर डूबने की दुःखद घटनाओं को देखते हुए जनसुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग को लेकर आज संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि नहर के संवेदनशील स्थलों पर दोनों किनारों पर मजबूत सुरक्षा रस्सियाँ अथवा स्टील वायर लगाए जाएँ, ताकि दुर्घटनावश गिरने की स्थिति में व्यक्ति सहारा लेकर स्वयं को सुरक्षित रख सके तथा बचाव कार्य में भी सुविधा मिल सके। गहरे एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों का स्पष्ट चिन्हांकन कर चेतावनी बोर्ड लगाने की भी मांग की गई।
इसके अतिरिक्त, निर्धारित दूरी पर लाइफबॉय एवं अन्य जीवनरक्षक उपकरण स्थापित करने, उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों में रेलिंग/बैरिकेडिंग लगाए जाने का सुझाव दिया गया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की के विशेषज्ञों के सहयोग से तकनीकी एवं नवाचार आधारित सुरक्षा उपाय विकसित करने पर भी बल दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री अक्षय प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष श्री गुरजेंद्र सिंह रिंकू, श्री आशीष अरोड़ा, श्री आदित्य शर्मा, श्री विभोर खन्ना सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।जनहित में इन प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
© Roorkee Aapki Aawaj. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies